Movie prime

सिरसा : श्मशान घाट में ले जाकर महिला से किया दुष्‍कर्म, जानें क्या है पूरा मामला

एक तांत्रिक के खिलाफ महिला से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है। पीड़िता के आरोप है कि वह कई दिनों से बीमार थी। तांत्रिक ने उस पर भूत प्रेत का साया बताया। बाद में उसे शराब पिलाई और शमशान घाट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

 
graveyard

सिरसा : रानियां थाना पुलिस ने गांव धन्नूर क्षेत्र निवासी एक तांत्रिक के खिलाफ महिला से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है। पीड़िता के आरोप है कि वह कई दिनों से बीमार थी। तांत्रिक ने उस पर भूत प्रेत का साया बताया। बाद में उसे शराब पिलाई और शमशान घाट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर रानियां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फतेहाबाद क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने रानियां थाना में शिकायत दी कि वह पिछले आठ नौ महीनों से बीमार रहती है और उसका शरीर टूटता रहता है। उसके घर में लभा सिंह नामक व्यक्ति आता था। उसे जब बीमारी की बात बताई तो उसने बताया कि गांव धन्नूर में एक ज्ञानी बाबा है जो तेरे को ठीक कर देगा। महिला ने बताया कि इसके बाद वह बीती 15 अक्टूबर को अपने पति से सलाह लेकर लेकर उक्त व्यक्ति के साथ उक्त बाबा के पास आ गई।

बाबा ने उसे पानी में भभूति घोल कर पिला दी और उसके उपर तरह तरह के झाड़ फूंक करने लगा। रात को बाबा ने कहा कि भूत प्रेत का साया शमशान घाट में छोड़ कर आना पड़ेगा। जो वह रात को नौ दस बजे बाबा के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर गई।

बाबा के साथ एक व्यक्ति और मोटरसाइकिल पर था। गांव से बाहर बने शमशान घाट में पहुंचकर वह और बाबा शमशानघाट में चले गए जबकि उक्त व्यक्ति बाहर खड़ा रहा। महिला ने आरोप लगाया कि बाबा ने उस पर झाड़ फूंक कर जबरदस्ती एक गिलास शराब पिला दी और बाद में उसके साथ नशे की हालात में दुष्कर्म किया।

उसने कहा कि अगर यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद बाबा उसे घर ले आया। जहां उसे कोई होश नहीं रहा। अगले दिन दोपहर 12 बजे जब उसे होश आया तो उसने उसने उक्त व्यक्ति से कहा कि उसे जल्दी ले चलो। उसकी तबीयत खराब है। बाद में वह अपने गांव पहुंच गई। वहां उसने अपनी आप बीती अपने पति को बताई। जिसके बाद वे दोनों रानियां थाना में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे।

इस मामले में रानियां पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया और महिला अधिवक्ता के समक्ष बयान दर्ज किए। इस मामले की जांच एएसआइ मंजू रानी कर रही है। रानियां थाना प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि पीड़िता के बयान पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे हैं।