दो चक्रवाती सिस्टम सक्रिय, शीतलहर का अलर्ट, जानिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान
Cold Wave Update: मौसम कार्यालय ने कहा कि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व अरब सागर और निचले क्षोभमंडल स्तरों में स्थित है। वहीं एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बना है।

Cold Wave Update: मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं आईएमडी ने उत्तरी राज्यों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की भविष्यवाणी की है। मौसम कार्यालय ने कहा कि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व अरब सागर और निचले क्षोभमंडल स्तरों में स्थित है। वहीं एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बना है।
यहां देखें मौसम का पूर्वानुमान
- एक चक्रवाती परिसंचरण निचले क्षोभमंडल स्तरों में बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर पर बना हुआ है।
- अगले 4-5 दिनों के दौरान अंडमान निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, कर्नाटक और तटीय आंध्रप्रदेश में बारिश की संभावना है।
- अगले 5 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है।
शीत लहर की चपेट में मध्यप्रदेश
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शीतलहर चल रही है। रविवार को 18 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। यह स्थिति अगले दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी। आईएमडी के भोपाल कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, बालाघाट जिले के मलाजखंड में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने कहा कि अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। अगले दो से तीन दिनों तक ठंड की स्थिति बनी रहेगी।
जम्मू-कश्मीर के तापमान में गिरावट
जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.1, पहलगाम में -3.4 और गुलमर्ग में -1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कारगिल में -10.8, लेह में -7.8, जम्मू में 9.6, और बनिहाल में 2.2 डिग्री तापमान रहा।
[Hindi] सम्पूर्ण भारत का नवंबर 28, 2022 का मौसम पूर्वानुमान
देश भर में मौसम प्रणाली:
दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
कोंकण और गोवा, दक्षिण कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हुई।
उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि
अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, गोवा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश संभव है।
देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।