Movie prime

Road Accident: ओड़िसा में तेज रफ्तार का कहर, बस और ट्रक की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा लोग घायल

 
Road Accident: ओड़िसा में तेज रफ्तार का कहर, बस और ट्रक की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा लोग घायल

ओडिशा के झारसुगुड़ा-संबलपुर बीजू एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। ये हादसा शुक्रवार रात को हुआ, जब कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक बस को टक्कर मार दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 20 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना झारसुगुड़ा बाईपास रोड पर पावर हाउस चक के पास हुई। बस जेएसडब्ल्यू प्लांट से कर्मचारियों को झारसुगुड़ा शहर ले जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, मृतक प्लांट में अपना काम पूरा कर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। घायलों को संबलपुर के बुर्ला में वीर सुरेंद्र साई आयुर्विज्ञान और अनुसंधान संस्थान (VIMSAR) में स्थानांतरित कर दिया गया है।

झारसुगुडा के पुलिस उपाधीक्षक एन महापात्रा ने समाचार एजेंसी एएनआई को जानकारी देते हुए बताया कि "झारसुगुडा में एक कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के ट्रक से टकरा जाने से 6 की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए। ज्यादातर कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं।

10 लोगों को बुर्ला, संबलपुर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है, जबकि 14 का यहां इलाज चल रहा है।" आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। झारसुगुड़ा के डीएम और अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं.