Movie prime

हरियाणा में प्री मानसून की बारिश के बाद फिर शुरू हुआ गर्मी का दौर, जानिए कब होगी बारिश

 
हरियाणा में प्री मानसून की बारिश के बाद फिर शुरू हुआ गर्मी का दौर, जानिए कब होगी बारिश

हरियाणा में प्री मानसून बारिश का दौर थम चुका है। जिसके बाद अब एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। बता दें कि प्रदेश में 17 जून को प्री मॉनसून ने दस्तक दी थी। जिसके चलते 17 जून से लेकर 22 जून तक हरियाणा के सभी जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। प्री मॉनसून की बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं तापमान में भी 6 से 7 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई।

बीते 2 दिनों से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो चुका है। जिसके चलते लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्री मानसून बारिश की वजह से लोगों को गर्म हवाओं से छुटकारा मिला है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश में 28 जून तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन 29 जून से राज्यों में फिर से बारिश की गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर मदन खीचड़ ने मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि हरियाणा में प्री मानसून हवाओं तथा एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने से 16 जून की रात से प्री मॉनसून की गतिविधियां शुरू हुई थी। इससे राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में 4 से 5 दिनों से बादल और हवाओं के साथ बारिश हुई अब प्रदेश में प्री मॉनसून का दौर थम चुका है। 28 जून तक आमतौर पर मौसम खुश्क रहेगा। जबकि 29 जून से राज्य में फिर से बारिश होने के आसार हैं।

डॉक्टर मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में बारिश होने से उत्तरी क्षेत्र अधिक प्रभावित हो सकते हैं। बारिश किसानों के लिए वरदान साबित होगी। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से प्रदेश में 26 जून के बाद बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बारिश से राज्य के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही यह बारिश फसलों के लिए भी जीवनदाई बनेगी और तापमान में भी गिरावट हो सकती है।