Haryana Transfer Drive Policy: हरियाणा में जल्द शुरू होगा ग्रुप डी कर्मचारियों का तबादला अभियान, विभागाध्यक्षों को पत्र जारी

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने ग्रुप-डी कर्मचारी (भर्ती और सेवा की शर्तें) अधिनियम, 2018 के तहत ग्रुप डी के कर्मचारियों के लिए तबादला अभियान नीति को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को पत्र जारी किया है.
उल्लेखनीय है कि हरियाणा ग्रुप डी कर्मचारी (भर्ती और सेवा की शर्तें) अधिनियम के तहत आने वाले ग्रुप डी कर्मचारियों के स्थानांतरण अभियान के संबंध में सभी विभागों से टिप्पणियां और सुझाव मांगे गए थे। अब नीति को अंतिम रूप दे दिया गया है।
किसी भी वैधानिक निकाय, बोर्ड, निगम, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, संवैधानिक निकाय में तैनात ग्रुप डी के कर्मचारी इस अभियान में भाग लेने के पात्र नहीं हैं। जो कर्मचारी अपना स्टेशन और/या अपना पद बदलना चाहते हैं, वे सरकार द्वारा निर्धारित तिथि से 15 दिनों के भीतर पोर्टल पर ऑनलाइन भाग लेंगे, उन्हें इस स्थानांतरण अभियान के लिए पात्र माना जाएगा।
प्रवक्ता ने कहा कि 18,000 से अधिक पदों को विज्ञापित किया गया था और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती द्वारा भरा गया था। समय के साथ, यह पाया गया कि कुछ कर्मचारियों को उनके गृह नगरों से दूरस्थ स्थानों पर तैनात किया गया है, जो उन्हें अपने कर्तव्यों को ठीक से निभाने से रोकता है। अब जब पॉलिसी फाइनल हो गई है तो आने वाले दिनों में कर्मचारियों को राहत मिलने वाली है।