प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने की प्रेस वार्ता, बोले व्यवस्था परिवर्तन का किया काम

प्रदेश सरकार के आज 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्ष में सरकार ने नेक नीयत और बुलंद इरादों के साथ जनता के अविश्वास को विश्वास में बदला है, व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है और एक नया हरियाणा बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गरीब व्यक्ति के जीवन में सुधार लाने के विजन व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय से संपूर्ण विकास की अवधारणा पर चलते हुए प्रदेश में समाज कल्याण के एक नए युग का सूत्रपात किया है।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में हरियाणा के विकास की दिशा पूरी तरह बदली है।2014 में प्रदेश का निर्यात ₹68,032 करोड़ था,जो आज ₹2,45,453 करोड़ (2022-23) हुआ है। प्रदेश में ₹18,422 करोड़ का निवेश हुआ और 1,59,622 MSME उद्योग लगे, जिससे 12.60 लाख लोगों को रोजगार मिला है।