Movie prime

Tiranga in Space: हर घर ही नहीं स्पेस में भी लहराया तिरंगा, आजादी के मौके पर 'भारतीय' अंतरिक्ष यात्री ने शेयर की अद्भुत तस्वीर

 
Tiranga in Space: हर घर ही नहीं स्पेस में भी लहराया तिरंगा, आजादी के मौके पर 'भारतीय' अंतरिक्ष यात्री ने शेयर की अद्भुत तस्वीर

वॉशिंगटन : भारत की आजादी के 75 वर्ष का जश्न अंतरिक्ष में भी मनाया गया है। भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर छह महीने बिताने के बाद वापस लौटे हैं। इस मौके पर उन्होंने भारत की स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने ISS पर भारत के झंडे की तस्वीर ट्वीट की है। इस तस्वीर में भारतीय तिरंगा ISS के एक शीशे पर चिपका हुआ है। इसके साथ ही पीछे पृथ्वी भी दिख रही हैं।

उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'भारतीय स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संघ्या पर मुझे भारतीय डायस्पोरा की याद आ रही है, जिसे मैं अंतरिक्ष स्टेशन से देख सकता था। जहां से मेरे अप्रवासी पिता का गृहनगर हैदराबाद चमकता है। नासा उन जगह में से एक है, जहां भारतीय अमेरिकी हर दिन बदलाव ला रहे हैं।' उन्होंने तिरंगे के साथ शहर के ऊपर की एक फोटो भी शेयर की है जौ संभवतः हैदराबाद की है।

राजा चारी का स्पेशल मैसेज

राजा चारी का एक वीडियो अमेरिकी में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा, 'भारत को आजादी के 75 वर्ष पूरे होने की बधाई। सभी भारतीयों को इस ऐतिहासिक मौके पर गर्व होना चाहिए। नासा और इसरो के बीच सहयोग का एक लंबा इतिहास है। नासा इसरो के साथ शुरुआती दिनों से काम कर रहा है और सहयोग आज भी जारी है, क्योंकि हम संयुक्त अंतरिक्ष और पृथ्वी विज्ञान पर काम कर रहे हैं।'

2017 में चुन गए थे अंतरिक्ष यात्री

उन्होंने आगे कहा, 'मंगल और चंद्रमा पर काम करने वाले इसरो मिशन को सक्षम करने के लिए नासा संचार साधनों को भी शेयर कर रहा है। हम निकट भविष्य में इसरो के पहले मानव अंतरिक्ष यान मिशन और नासा के चांद पर वापस लौटने के आर्टेमिस मिशन में काम करने और सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।' बता दें कि अमेरिकी वायु सेना के टेस्ट पायलट राजा चारी को 2017 में नासा ने एक अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना था। 2021 में वह स्पेस स्टेशन में गए थे। राजा चारी के पिता श्रीनिवास चारी इंजीनियरिंग की डिग्री के बाद कम उम्र में ही हैदराबाद से अमेरिका चले गए थे।