Movie prime

BJP से गठबंधन को लेकर पहली बार बेबाकी से बोले दुष्यंत चौटाला, कह दी बड़ी बात

 
BJP से गठबंधन को लेकर पहली बार बेबाकी से बोले दुष्यंत चौटाला, कह दी बड़ी बात

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के साथ गठबंधन टूटने की अटकलों पर बेबाकी से बात की। उन्होंने कहा, मीडिया और विरोधी दलों के लोग पिछले 15 दिन से एक ही सवाल कर रहे हैं कि भाजपा के साथ गठबंधन चलेगा या टूटेगा। दुष्यंत बोले- गठबंधन की ना तो अभी तक चिंता करी अर ना आगे करणिया। उनका कहना था कि उन्हें गठबंधन रहने या टूटने को लेकर कोई चिंता नहीं है।

निकाय चुनाव से पहले हमने गठबंधन नहीं तोड़ा था। वह उन्होंने (भाजपा) तोड़ा था। वह सरकार में हैं और प्रदेश की जनता के हित में कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रहे हैं। दुष्यंत गांव चंदाना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिल्लू चंदाना को जजपा में ज्वाइन करवाने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि प्रदेश के सभी लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर सर्वांगीण मजबूती प्रदान करना है ताकि प्रत्येक वर्ग का समुचित विकास हो सके। वर्षा के कारण हुई खराब फसलों के एक-एक दाने का मुआवजा सरकार देगी। इतना ही नहीं, मुआवजा देने की पोलिसी में संशोधन किया गया है कि अगर आग लगने से भी फसल को नुकसान पहुंचता है तो उसके भी मुआवजे का अब प्रावधान किया गया है। इसके लिए अलग से पोर्टल बनाया गया है, पहले यह व्यवस्था नहीं थी। वर्तमान सरकार समाज के हर वर्ग की हितैषी सरकार है। प्रदेश में बाढ़ प्रबंधन के लिए 450 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कैथल में भाजपा ओबीसी सैल के पूर्व जिलाध्यक्ष पाला राम सैनी को भी जजपा में शामिल किया। उनके साथ गुहला-चीका विधायक ईश्वर सिंह, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, हरियाणा डेयरी विकास बोर्ड के चेयरमैन रणधीर सिंह, केसी बांगड़, जिलाध्यक्ष धूप सिंह माजरा, पूर्व विधायक भाग सिंह छात्तर व सतविंद्र राणा, अनंत तंवर, राजेंद्र लितानी मौजूद रहे।

सड़कों के लिए 50 प्रतिशत बजट अलग

उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पुरानी सड़कों की मुरम्मत व विस्तारीकरण के लिए 50 प्रतिशत बजट की व्यवस्था अलग से की गई है। अब जहां प्रदेश में नई सड़कें बनाई जा रही हैं, वहीं पुरानी सड़कों का रख-रखाव भी नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन के रोजमर्रा की जिंदगी में काम आने वाली आटा आदि बिना मार्क की खुली वस्तुओं पर जीएसटी नहीं लगेगा। इससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। विपक्षी दल आमजन को बरगलाने के लिए भ्रम फैलाते हैं, जोकि धरातल पर बिल्कुल भी सत्य नहीं होता है।

जलभराव की निकासी के लिए फंड दिया

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों के निचले क्षेत्रों में बरसात के कारण जल भराव की समस्या आई है, वहां पर पंपिंग सैट लगाकर पानी को निकाला जा रहा है। इस तरह की व्यवस्था के लिए प्रदेश भर के उपायुक्तों को अलग से फंड भी दिया जाएगा, ताकि कार्यों को पूरा करने के लिए किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।

मेवात की घटना दुखद

नूंह में खनन माफिया द्वारा डीएसपी सुरेंद्र सिंह की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। एक आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है। भविष्य में इस क्षेत्र में घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस बल को बढ़ाया जाएगा।